home page

दमोह: आंगनवाड़ी सहायिका पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाले पति को 6 वर्ष की सजा, 1000 रुपये अर्थदंड

 | 
दमोह: आंगनवाड़ी सहायिका पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाले पति को 6 वर्ष की सजा, 1000 रुपये अर्थदंड


दमोह, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिला न्यायालय ने आंगनवाड़ी सहायिका पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला करने के मामले में आरोपी पति को दोषी ठहराते हुए 6 वर्ष के कठोर कारावास और 1,000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। यह फैसला शुक्रवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट स्नेहा सिंह की अदालत ने सुनाया।

प्रकरण में आरोपी लक्ष्मण गौंड (उम्र 41 वर्ष) निवासी ग्राम सेहरी, थाना तेंदूखेड़ा को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(2) के तहत दोषी पाते हुए 6 वर्ष के कठोर कारावास एवं 1,000 रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया।

अभियोजन के अनुसार फरियादी ग्राम सेहरी में आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत है। 6 फरवरी 2025 की रात करीब 11:30 बजे आरोपी पति लक्ष्मण गौंड ने पत्नी से कहा कि वह उसके साथ दूसरे स्थान पर चले। पत्नी द्वारा नौकरी के कारण जाने से मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया।

हमले में फरियादी को बाएं गाल, आंख और कान के पास गंभीर चोटें आईं। फरियादी के चिल्लाने पर उसकी बेटी, बेटा, भाई और पिता मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेंदूखेड़ा ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया।

पीड़िता की मेडिकल जांच रिपोर्ट में गंभीर चोट के साथ फ्रैक्चर होना पाया गया। इसके आधार पर पुलिस ने मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाईं। विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर उसके मेमोरण्डम कथन लिए गए और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त की गई।

जांच पूरी होने के बाद आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115, 118(1), 118(2) और 351(2) के तहत न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया। न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी को दोषी करार दिया गया।

अभियोजन की ओर से पैरवीमामले में अभियोजन की ओर से पैरवी सहायक निदेशक अभियोजन धर्मेन्द्र सिंह तारन के नेतृत्व में एडीपीओ सतीश कपस्या द्वारा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव