home page

दमोह में तेज रफ्तार बस ने तीन छात्राओं को रौंदा, दो की मौत, एक गंभीर

 | 
दमोह में तेज रफ्तार बस ने तीन छात्राओं को रौंदा, दो की मौत, एक गंभीर


दमोह में तेज रफ्तार बस ने तीन छात्राओं को रौंदा, दो की मौत, एक गंभीर


दमोह में तेज रफ्तार बस ने तीन छात्राओं को रौंदा, दो की मौत, एक गंभीर


दमोह में तेज रफ्तार बस ने तीन छात्राओं को रौंदा, दो की मौत, एक गंभीर


दमोह, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के अभाना नगर में शनिवार सुबह तेज रफ्तार यात्री बस की चपेट में आने से दो स्कूली छात्राओं की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ, जब तीनों छात्राएं घर से स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान दमोह से जबलपुर की ओर जा रही नाजिश यात्री बस ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में बस में सवार एक व्यक्ति के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी। उसकी चपेट में आने से दो छात्राओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरी छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय दमोह में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।

दुर्घटना की खबर फैलते ही अभाना में लोगों की भीड़ जुट गई। छात्राओं की मौत से आक्रोशित स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर जाम लगा दिया और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

हादसे की जानकारी मिलने पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने तत्काल एसडीएम संजय दुबे को घटनास्थल पर भेजा। इसके बाद वह स्वयं जिला चिकित्सालय पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। दमोह विधायक एवं पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया भी घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी से मोबाइल पर चर्चा कर दुर्घटना के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि मृतक छात्राओं के परिजनों और घायल छात्रा को शासन के नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मामले में एसडीओपी अर्चना अहीर ने भी घटना के संबंध में जानकारी दी है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

अभाना में हुए इस हादसे ने आबादी वाले क्षेत्रों में यात्री बसों की रफ्तार, परिवहन नियमों के पालन और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस की वास्तविक गति, वाहन के दस्तावेजों और फिटनेस की स्थिति सहित दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जानी है।

दो स्कूली छात्राओं की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, स्थानीय नागरिकों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव