दमोह: 9 माह की मासूम से दरिंदगी का आरोप, मुंहबोला दादा हिरासत में
दमोह ,मध्य प्रदेश, 28 फ़रवरी (हि.स.)
मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवता और रिश्तों की मर्यादा को झकझोर कर रख दिया है। यहां महज 9 माह की एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में आरोपित मुंहबोले दादा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपित बच्ची को खिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। कुछ समय बाद जब बच्ची को परिजनों के पास लौटाया गया, तो उसकी हालत देखकर सभी सन्न रह गए। मासूम खून से लथपथ थी और दर्द से कराह रही थी। यह दृश्य देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन तत्काल देर रात बच्ची को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया ने बताया कि बच्ची की मां द्वारा लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया है। पुलिस पूरे मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सजगता से जांच कर रही है। मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद वैधानिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 27 फरवरी की देर रात्रि की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित को हिरासत में लिया गया है और उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। साथ ही, वैज्ञानिक साक्ष्य और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है और वे आरोपित के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। सामाजिक संगठनों ने भी घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी पारदर्शिता और गंभीरता से की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि दोषी पाए जाने पर आरोपित के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, पीड़ित बच्ची को हर संभव चिकित्सकीय और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

