home page

बौद्ध कथा में न आने पर पाल समाज के युवक से मारपीट, मूर्ति के सामने माफी मंगवाई, 4 गिरफ्तार

 | 
बौद्ध कथा में न आने पर पाल समाज के युवक से मारपीट, मूर्ति के सामने माफी मंगवाई, 4 गिरफ्तार


औरैया, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र में बौद्ध कथा में शामिल न होने पर पाल समाज के एक व्यक्ति को कथित तौर पर घर से उठाकर पीटा गया। उसे पड़ोसी गांव के अंबेडकर पार्क में लगी प्रतिमा के सामने उठक-बैठक करने और माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने प्रकरण में 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया कि यह घटना द्वारकापुर गांव में हुई, जहां दोहरे समाज ने 6 से 13 अप्रैल तक बौद्ध कथा का आयोजन किया था।आरोप है कि पाल समाज के लोग इस कथा में शामिल नहीं हुए। गुरुवार सुबह दोहरे समाज के कुछ लोग पाल समाज के एक व्यक्ति के घर पहुंचे और उसे चारपाई से उठाकर काजीपुर स्थित अंबेडकर पार्क ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और प्रतिमा के सामने उठक-बैठक लगवाकर माफी मंगवाई गई। वीडियो सामने आने के तुरंत बाद उनके साथ सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह, सीओ बिधूना सहित अन्य अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच की। पीड़ित की तहरीर और वीडियो सामने आने पर मुकदमा दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

एएसपी ने बताया कि दोहरे समाज ने भी पुलिस को तहरीर दी है। उनका आरोप है कि पाल समाज के इन लोगों ने बाबा साहब के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनके पोस्टर का अपमान किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। एहतियातन गांव में सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात कर दी गई। वहीं दो जाति वर्ग के बीच मामला तूल न पकड़े इसलिए पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के बारे में ज्यादा जानकारी देने से बच रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार