home page

यमुनानगर:डेयरी के बाहर हमला, रॉड से वार कर युवक को गंभीर रूप से किया घायल

 | 

यमुनानगर, 23 फ़रवरी (हि.स.)।यमुनानगर में रविवार देर रात्रि डेयरी के बाहर दूध लेने पहुंचे युवकों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मोटरसाइकिलों पर पहुंचे एक समूह ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में अनिकेत ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। घटना की रात वह अपने साथी शुभम और उमेश कुमार के साथ दूध लेने के लिए एक डेयरी पर गया था। उसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ अन्य युवक भी बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि तभी कई मोटरसाइकिलों पर सवार होकर दर्जनों युवक मौके पर पहुंचे और आते ही विवाद शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार हमलावरों ने पहले एक युवक को पकड़ लिया। जब अन्य लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपियों ने हमला तेज कर दिया। इस दौरान लोहे की रॉड से अनिकेत के सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद उमेश कुमार के माथे पर भी वार किया गया, जबकि अन्य युवकों को डंडों से पीटा गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

चिकित्सकों के अनुसार सिर पर चोट लगने के कारण एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल और अस्पताल पहुंची तथा पीड़ितों के बयान दर्ज किए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि हमला जान से मारने की नीयत से किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार