शिवपुरी: यूनिवर्सिटी परिसर में डी-फार्मा छात्र का शव मिला, पुलिस जांच में जुटी
शिवपुरी, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के दिनारा क्षेत्र स्थित प्रीती ग्लोबल यूनिवर्सिटी परिसर में डी-फार्मा अंतिम वर्ष के एक छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन और छात्रों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार दतिया जिले के कावर पलोथर निवासी संजू उर्फ छोटे राजा ठाकुर डी-फार्मा अंतिम वर्ष का छात्र था और परीक्षा देने के लिए यूनिवर्सिटी आया हुआ था। शनिवार देर रात उसका शव परिसर में फंदे से लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार छात्र की मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में शोक और चिंता का माहौल है। वहीं, छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और शैक्षणिक संस्थानों में छात्र सहायता व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान सहित अन्य तथ्यों को संकलित किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

