पलाशबाड़ी में सिलेंडर चोरी गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
कामरूप (असम), 23 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण कामरूप क्षेत्र में लंबे समय से जारी गैस सिलेंडर चोरी की घटनाओं का पलाशबाड़ी पुलिस ने खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो शातिर चोर और दो चोरी के सामान के कारोबारी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, चोरों का मुख्य निशाना रसोई गैस के सिलेंडर थे। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से लगातार सिलेंडर चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया, जो सिलेंडर चोरी में सीधे तौर पर शामिल थे। पूछताछ के बाद चोरी के सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त में लिप्त दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी किए गए सिलेंडर बरामद किए हैं और मामले की आगे जांच जारी है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

