साइबर क्राइम : क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर एपीके फाइल भेजी, खाते से 1.27 लाख पार
जोधपुर, 09 सितम्बर (हि.स.)। शहर में एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। शातिर ठग ने उसे के्रडिट कार्ड की जानकारी के लिए एपीके फाइल डाउनलोड करवाई और खाते से 1.27 लाख रूपए पार कर लिए। पीडि़त की तरफ से अब मंडोर थाने में रिपोर्ट दी गई है। घटना कुछ रोज पहले की बताई जाती है।
मंडोर पुलिस ने बताया कि चुतरावता का बेरा शिवम पैलेस के सामने रहने वाले बालूराम पुत्र गजराज सिंह गहलोत की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि किसी शातिर ने उसके के्रडिट कार्ड के लिए कॉल किया और फिर एपीके फाइल को भेजा। उसके द्वारा फाइल को ओपन किए जाने पर बाद में उसके बैंक एकाउंट से तीन बार में 1.27 लाख रूपए पार कर लिए गए। रूपए निकलने की जानकारी होने पर पहले उसने साइबर पोर्टल पर इसकी शिकायत दी। अब मंडोर पुलिस ने साइबर ठगी के चलते धोखाधड़ी एवं आईटी एक्ट में केस दर्ज किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

