लिंक क्लिक करते ही खाते से निकले 23.20 लाख रुपये
जयपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। महेश नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने सीनियर सिटीजन कार्ड के फायदे दिलाने का झांसा देकर एक बुजुर्ग के बैंक खाते से करीब 23.20 लाख रुपये निकाल लिए। ठगों ने खुद को एयू स्मॉल बैंक का कर्मचारी बताकर बुजुर्ग से संपर्क किया और वाट्सऐप पर एक फाइल भेजकर उसे खोलने के लिए कहा। फाइल पर क्लिक करते ही बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए बिना ओटीपी के रुपए निकल गए। मोबाइल पर बैंक से रुपए निकासी के मैसेज आने के बाद साइबर ठगी का पता चला।
महेश नगर थानाधिकारी मदन लाल कड़वासरा के अनुसार देवी चिरंजीवी कॉलोनी, महेश नगर निवासी सुनीश गोयल (56) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उनके पिता जगदीश प्रसाद के साथ साइबर फ्रॉड हुआ। 13 अगस्त को उनके पिता के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को एयू स्मॉल बैंक का कर्मचारी बताया और उन्हें सीनियर सिटीजन कार्ड के बारे में जानकारी दी।
ठग ने सीनियर सिटीजन कार्ड के फायदे और वेनिफिट बताते हुए कार्ड बनवाने का झांसा दिया। इसके बाद वाट्सऐप पर एक बीआईएस फाइल भेजी और उसे ओपन करने के लिए कहा। बुजुर्ग ने जैसे ही वाट्सऐप पर भेजी गई फाइल पर क्लिक किया, उनके एयू स्मॉल बैंक खाते से अलग-अलग टुकड़ों में रुपए निकलने लगे। खाते से कुल करीब 23 लाख 20 हजार 200 रुपए निकाल लिए गए।
पीड़ित के अनुसार रुपए निकालने के दौरान किसी ओटीपी की जानकारी नहीं मांगी गई। मोबाइल पर बैंक से रुपए निकासी के मैसेज आने के बाद उन्हें खाते से रकम निकलने का पता चला। इसके बाद परिजनों को साइबर फ्रॉड की जानकारी हुई। मामले में महेश नगर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, वाट्सऐप पर भेजी गई फाइल और बैंक खाते से हुए ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर आरोपिताें की तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

