गूगल पर स्कूटी शोरूम का नंबर सर्च कर रही महिला साइबर अपराधी के ठगने से बची
नाहन, 04 सितंबर (हि.स.)।
डिजिटल क्रांति के इस दौर में साइबर अपराधी अब सीधे और सरल लोगों को निशाना बनाने के लिए रोज़ नए हथकंडे अपना रहे हैं। हाल ही में सिरमौर जिले के नाहन क्षेत्र से साइबर ठगी की एक बेहद चौकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ समय रहते दिखाई गई सतर्कता ने एक परिवार को बड़े वित्तीय नुकसान का शिकार होने से बचा लिया ।नाहन के रानीताल क्षेत्र की रहने वाली एक महिला (श्यामा- काल्पनिक नाम) ने बीते दिन एक नया एक्टिवा स्कूटी खरीदने का मन बनाया। इसके लिए उसने इंटरनेट पर वाहन शोरूम का संपर्क नंबर तलाशा और उस पर कॉल किया। हालांकि, उस समय सामने से किसी ने कॉल रिसीव नहीं की।
कुछ ही देर बाद महिला को उसी नंबर से वापस कॉल आई। कॉल करने वाले शातिर ठग ने खुद को शोरूम का प्रतिनिधि बताते हुए महिला को झांसे में लेने की कोशिश की। ठग ने दावा किया कि इस समय शोरूम में विशेष रूप से महिलाओं के लिए भारी छूट (स्पेशल डिस्काउंट) का ऑफर चल रहा है, जिसके तहत उन्हें स्कूटी पर सीधे 20% की छूट दी जाएगी। कॉल पर बने रहकर ही शातिर ने कागजी कार्रवाई का बहाना बनाते हुए महिला से उसका व्हाट्सएप नंबर मांगा। व्हाट्सएप नंबर मिलते ही उसने कागजात भेजने के नाम पर एक अज्ञात फाइल भेजी और महिला को तुरंत उसे मोबाइल में इंस्टॉल करने को कहा।
जैसे ही महिला उस संदिग्ध फाइल को डाउनलोड करने लगी, तभी उसके पति की नज़र मोबाइल पर पड़ गई। पति को मामला संदेहास्पद लगा और उसने महिला को तुरंत रोकते हुए अपने हाथ में फोन ले लिया। जब महिला के पति ने कॉल पर बात की और कड़े सवाल पूछने शुरू किए, तो साइबर ठग समझ गया कि उसकी चाल पकड़ी जा चुकी है। अपनी पोल खुलती देख शातिर आपा खो बैठा और महिला के पति के साथ बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गंदी-गंदी गालियाँ देने लगा और कॉल काट दी। गनीमत यह रही कि समय रहते डाउनलोड रोक दिए जाने से कोई नुकसान नहीं हुआ और परिवार इस ठगी का शिकार होने से बाल-बाल बच गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

