home page

जबलपुर में साइबर ठगी के दो मामले, मोबाइल हैक कर खातों से उड़ाए 1.20 लाख रुपये

 | 
जबलपुर में साइबर ठगी के दो मामले, मोबाइल हैक कर खातों से उड़ाए 1.20 लाख रुपये


जबलपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। रविवार को माढ़ोताल थाना क्षेत्र में दो लोगों के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी कर कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की चपत लगाने का मामला सामने आया है।

एक युवक ने यूपीआई से गोल्ड लोन ऐप पर रकम ट्रांसफर करने के दौरान मोबाइल हैक होने और खाते से पैसे कटने की शिकायत की है, जबकि दूसरे ने ऑनलाइन धमकी देकर ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्रीन सिटी निवासी आशीष भट्ट मोबाइल से यूपीआई के जरिए मणप्पुरम गोल्ड लोन ऐप पर 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर रहे थे। इस दौरान ट्रांजेक्शन पूरा नहीं हुआ और उनका मोबाइल फोन हैक होने की आशंका सामने आई। कुछ ही मिनट बाद बैंक खाता चेक करने पर पता चला कि खाते से 50 हजार रुपये कट चुके हैं। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

इसी तरह करमेता निवासी राहुल सिंह धुर्वे ने पुलिस को बताया कि पंकज चौधरी, पिता विनोद चौधरी, के नाम से 50 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ। इसके बाद उसी दिन दोपहर 3:48 बजे उनके फोनपे खाते में पंकज चौधरी के नाम से 34 हजार रुपये आए।

राहुल के मुताबिक, पूरे लेनदेन में उन्हें 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ। हालांकि, 34 हजार रुपये उनके फोनपे खाते में वापस आ गए, लेकिन बैंक की ओर से खाते पर होल्ड लगाए जाने के कारण उनका खाता फिलहाल माइनस में दिखाई दे रहा है। इस वजह से वह अपने खाते से पैसे नहीं निकाल पा रहे हैं।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन माध्यम से उन्हें डराया-धमकाया और नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर दबाव बनाया। इसी दौरान उनके साथ धोखाधड़ी कर रकम हड़प ली गई।

पुलिस ने दोनों शिकायतों पर जांच शुरू कर दी है। राहुल सिंह धुर्वे के मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस लेनदेन के विवरण, संबंधित खातों और मोबाइल गतिविधियों की जांच कर रही है, ताकि ठगी में शामिल लोगों का पता लगाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक