फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले साइबर ठग काे किया गिरफ्तार
हमीरपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे में पुलिस ने शनिवार को फर्जी सिम कार्ड बेचकर साइबर अपराध करने वाले गिरोह का भाडाफोड़ कर एक ठग को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से भारी मात्रा में फर्जी सिम कार्ड व मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
सुमेरपुर थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि खंडेह मौदहा निवासी संजय साहू के खिलाफ साइबर अपराध का मामला दर्ज था। उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई थी। आज फरार संजय को सुमेरपुर कस्बे के लक्ष्मीबाई तिराहा के पास गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से वोडाफोन, आईडिया कंपनी के आठ फर्जी सिम कार्ड व मोबाइल फोन के अलावा नगद धनराशि बरामद की गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित संजय अपने साथी निजामुद्दीन व मौदहा स्थित छोटू मोबाइल सेंटर के सोनू के जरिए साइबर अपराधियों को ऊंचे दामों में सिम बेचता था। एनसीआरपी पोर्टल की जांच में यह साबित हो गया कि आरोपित की पीओएस आईडी से जारी सात पूर्व सिम कार्डों का प्रयोग असम, गुजरात, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, मध्यप्रदेश, ओडिशा, राजस्थान व उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में साइबर फ्राँड की बारह घटनाएं घटित की जा चुकी है। इनमें लाखों रुपये का साइबर फ्राँड किया गया है। आरोपित अपने साथियों के साथ गांव-गांव घूमकर लोगों के सिम कार्ड एक्टिव व पोर्ट करता था। आरोपित को आज जेल भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

