ई-चालान के नाम पर साइबर ठगों खाते से निकाले 1.57 लाख रुपये
जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। राजधानी जयपुर में ट्रैफिक पुलिस के ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने मोबाइल पर फर्जी ई-चालान का संदेश भेजकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से करीब 1.57 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने चालान की जानकारी लेने के लिए संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक किया था। इसके बाद मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड हो गई और साइबर ठगों ने मोबाइल को हैक कर बैंक खाते में सेंध लगा दी। मामले में एयरपोर्ट थाना पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि जगतपुरा के पुरुषार्थ नगर-सी निवासी दीपक माहेश्वरी (46) ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पीड़ित के अनुसार, 22 नवंबर को उनके मोबाइल पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से ई-चालान भेजे जाने का टैक्स्ट संदेश (एसएमएस) आया था। संदेश में चालान की जानकारी प्राप्त करने के लिए एक लिंक दिया गया था।
ई-चालान कटने के संबंध में जानकारी लेने के लिए दीपक ने संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक किया। लिंक खोलते ही उनके मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड हो गई। इसके बाद साइबर ठगों ने मोबाइल हैक कर बैंक खाते से करीब 1.57 लाख रुपये निकाल लिए। कुछ देर बाद बैंक खाते से रकम निकाले जाने का संदेश मोबाइल पर आने पर उन्हें ठगी का पता चला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार साइबर ठगों ने ट्रैफिक पुलिस के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी ई-चालान लिंक भेजा और उसके जरिए मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर एयरपोर्ट थाना पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर ठगी के तरीके और आरोपिताें के संबंध में जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

