शिक्षक के तीन खातों से साइबर ठगों ने 71 ,729 रुपये उड़ाए
मुरादाबाद, 31 जुलाई (हि.स.)। महानगर के थाना मझोला क्षेत्र निवासी शिक्षक के तीन खातों से साइबर ठगों ने 71 हजार 729 रुपये पार कर दिए। शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
थाना मझोला के के सत्य विहार मीरपुर मझोली निवासी शिक्षक अतुल कपूर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते 21 जून को उनका मोबाइल किसी ने हैक कर लिया। इसके बाद तीन बैंक खातों से कुल 71 हजार 729 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। इसमें 21 हजार रुपये एसबीआई बुद्धि विहार के खाते से, 49 हजार 27 रुपये केनरा बैंक दिल्ली रोड के खाते से और 2 हजार 100 रुपये पीएनबी के खाते से ट्रांसफर किए गए।
एसएचओ मझोला रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर शुक्रवार को अज्ञात आरोपित के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

