अंतरराज्यीय साइबर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा,छह गिरफ्तार
अररिया22 सितम्बर(हि.स.)।
जिले की महलगांव थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है।महलगांव थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुर्सेल गांव वार्ड संख्या 7 मो.राशिद के घर में छापेमारी कर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया।पुलिस ने मौके से 12 मोबाइल,एक लैपटॉप, फिंगरप्रिंट डिवाइस स्कैनर चार,मारुति आर्टिगा कार संख्या बीआर 38 एआर 8108,वाई फाई राउटर एक,छह डाटा केबल समेत कई उपकरण बरामद किया है।गिरफ्तार गिरोह के सदस्यों में एक छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला के गांधीनगर वार्ड संख्या 5 गेलनपुर का रहने वाला 22 वर्षीय राजा कुमार पिता अमरजीत कुमार है।जबकि अन्य गिरफ्तार पांच सदस्य जोकीहाट और महलगांव थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।मंगलवार को सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी।
सदर एसडीपीओ ने बताया कि फिंगरप्रिंट डिवाइस और आधार कार्ड का दुरुपयोग कर गिरोह के सदस्य दूसरों के बैंक खातों से अवैध तरीके से रुपये ट्रांसफर कर अपनों के खाते में निकाल लेते थे और फिर राशि की निकासी की जाती थी। सदर एसडीपीओ के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर महलगांव थाना क्षेत्र के कुर्सेल गांव निवासी मो. राशिद के घर पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपितों द्वारा संगठित गिरोह बनाकर फिंगरप्रिंट डिवाइस और आधार कार्ड के माध्यम से साइबर ठगी की जा रही थी। गिरोह के सदस्य विभिन्न कंपनियों के मोबाइल व फिंगरप्रिंट डिवाइस के माध्यम से अवैध गतिविधियों को अंजाम देते थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 12 मोबाइल, एक एचपी कंपनी का लैपटॉप, चार फिंगरप्रिंट स्कैनर, एक मारुति ऑल्टो कार, एक जियो वाई-फाई राउटर, छह डाटा केबल समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने मामले में 22 वर्षीय मो. राशिद,38 वर्षीय मो. कुर्बान आलम,30 वर्षीय मो. मंजर,29 वर्षीय मो. राबरेज,22 वर्षीय राजा कुमार और 19 वर्षीय इरफान राज को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में अधिकांश अररिया जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं, जबकि राजा कुमार छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले का निवासी बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपितों ने फिंगरप्रिंट डिवाइस और आधार कार्ड का दुरुपयोग कर आम लोगों के बैंक खातों से अवैध तरीके से रुपये ट्रांसफर करने की बात स्वीकार की है। इस संबंध में महलगांव थाना कांड संख्या 183/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
छापेमारी दल में महलगांव थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार,अपर थानाध्यक्ष राजू कुमार,एसआई रागा कुमारी,एएसआई गोविंद यादव,प्रेम कुमार,सिपाही प्रेमकांत शर्मा,राजू कुमार राम, अवतदिका कुमारी,चौकीदार इनाचंद्र मांझी,सिकंदर कुमार आदि शामिल थे।एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

