home page

ऑनलाइन शादी कार्ड के नाम पर की जा रही है साइबर ठगी

 | 
ऑनलाइन शादी कार्ड के नाम पर की जा रही है साइबर ठगी


जयपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। वेडिंग सीजन में साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाया है। व्हाट्सएप पर डिजिटल शादी के निमंत्रण भेजकर लोगों के मोबाइल और बैंक खातों को निशाना बनाया जा रहा है। इसे लेकर राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने विस्तृत एडवाइजरी जारी कर आमजन को सतर्क रहने की अपील की है।

डीआईजी साइबर क्राइम शांतनु कुमार सिंह ने बताया कि जालसाज शादी के कार्ड के नाम पर खतरनाक लिंक और फाइल भेजते हैं, जो मोबाइल में पहुंचते ही निजी जानकारी चुरा लेते हैं और बैंक खाते तक खाली कर सकते हैं।

साइबर अपराधी ‘Marriage.apk’ नाम की फाइल भेजकर मोबाइल का पूरा कंट्रोल हासिल कर लेते हैं और ओटीपी चुरा लेते हैं। दूसरे तरीके में bit-ly जैसे लिंक भेजकर फिशिंग के जरिए बैंक डिटेल्स हासिल की जाती हैं या जासूसी सॉफ्टवेयर डाउनलोड कराया जाता है। तीसरे तरीके में हैक किए गए परिचित के अकाउंट से मैसेज भेजकर भावनात्मक दबाव बनाया जाता है, जिससे लोग बिना सोचे लिंक खोल देते हैं।

पुलिस ने सलाह दी है कि .apk फाइल को कभी डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। फोन में Google Play Protect को सक्रिय रखें। किसी परिचित के नाम से संदिग्ध लिंक या कार्ड मिलने पर पहले फोन कर पुष्टि करें। साथ ही bit-ly या tinyurl जैसे छोटे लिंक पर क्लिक करने से बचें।

ऐसी किसी भी धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर हेल्पडेस्क 9256001930/9257510100, ऑनलाइन पोर्टल cybercrime.gov.in या नजदीकी पुलिस/साइबर थाने में संपर्क करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश