रिवार्ड प्वाइंट रिडीम कराने के नाम पर 2.94 लाख रुपये की साइबर ठगी, रिपोर्ट दर्ज
हमीरपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रिवार्ड प्वाइंट रिडीम कराने और कैशबैक मिलने का लालच देकर साइबर ठग ने एक युवक के क्रेडिट कार्ड से 2.94 लाख रुपये पार कर दिए। शनिवार को पीड़ित ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के अतरौली मोहल्ला निवासी योगेश कुमार राजपूत ने बताया कि उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने रिवार्ड प्वाइंट रिडीम कराने और कैशबैक मिलने का लालच दिया। उसके झांसे में आकर उन्होंने बताए गए ऑनलाइन पोर्टल से एक्सिस कार्ड एप डाउनलोड कर लिया और उसमें अपने क्रेडिट कार्ड की व्यक्तिगत जानकारी दर्ज कर दी। इसके बाद उनका मोबाइल हैक कर क्रेडिट कार्ड से दो बार में कुल 2,94,802.85 रुपये निकाल लिए गए। बताया कि पहली बार में 1,96,554.90 रुपये और दूसरी बार में 98,247.95 रुपये का लेनदेन किया गया। मामले में उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाल अनूप सिंह ने शनिवार को बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

