home page

दुबई में बैठे सरगना का साइबर ठगी नेटवर्क बेनकाब, तीन गिरफ्तार

 | 
दुबई में बैठे सरगना का साइबर ठगी नेटवर्क बेनकाब, तीन गिरफ्तार


कानपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। फजलगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए शनिवार को तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह लोगों को रुपये का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और इन्हीं खातों के जरिये देश-विदेश में साइबर ठगी की रकम की लेन-देन करायी जाती थी। अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की आशंका है।

पुलिस आयुक्त कानपुर नगर रघुबीर लाल ने बताया कि दादानगर ढाल के पास फजलगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से स्विफ्ट कार से कपिल वर्मा उर्फ कपिल देव उर्फ शन्टी, अभय प्रताप और रोहित सिंह उर्फ रुद्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया। तीनों ही कानपुर के रहने वाले हैं।

पूछताछ में पता चला कि आरोपित गरीब और सीधे-साधे लोगों को रुपये का लालच देकर आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो लेते थे। उनके नाम पर खाते खुलवाकर एटीएम, ऑनलाइन बैंकिंग की जानकारी और सिम अपने कब्जे में ले लेते थे। बचत खाता उपलब्ध कराने पर 40 हजार और फर्जी फर्म के नाम पर चालू खाता खुलवाने पर 80 हजार रुपये मिलते थे। खातों के जरिये हुई ठगी पर 20 से 40 प्रतिशत तक कमीशन भी मिलने की जानकारी सामने आई है।

आरोपित खाताधारक के मोबाइल नंबर को बदलकर अपना नंबर लगाते थे, जिससे ओटीपी उनके पास आता था। इसके बाद फोनपे, गूगलपे, पेटीएम अन्य यूपीआई से रकम की लेन-देन की जाती थी। एयरटेल पेमेंट बैंक के बैंक और मर्चेंट खातों के इस्तेमाल की जानकारी भी मिली है। करीब 23 बैंकों से जुड़े खातों में लेन-देन की जांच की जा रही है। कुछ बैंक अधिकारियों-कर्मचारियों की संभावित मिलीभगत के संकेत भी मिले हैं।

पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना सुल्तान मिर्जा दुबई में रहकर नेटवर्क चला रहा है। कानपुर में अमित सिंह उर्फ जगदीश, लखनऊ में राहुल, आगरा में के.पी. और उन्नाव में आशीष के जुड़े होने की जानकारी मिली है। सुल्तान मिर्जा, के.पी., अमित उर्फ जगदीश, आशीष समेत सात से आठ अन्य की तलाश जारी है।

शातिरों के पास से तीन लैपटॉप, 11 मोबाइल, चार पीओएस मशीन, 85 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 37 सिम कार्ड, 15 चेकबुक, 18 पासबुक, चार रजिस्टर, आधार कार्ड की दो छाया प्रतियां, चार मोहर, एक पैन, स्विफ्ट कार, यूपीआई क्यूआर कोड, निजी फर्मों के 26 आवेदन पत्र और 1300 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। तीनों को गिरफ्तार कर पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप