साइबर ठगी के शिकार तीन लोगों को पुलिस ने लौटाए 2.86 लाख रुपये
-यूपीआई, क्रेडिट कार्ड और एपीके फाइल के जरिए हुई थी ठगी
बांदा, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना बांदा की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर धोखाधड़ी के तीन मामलों में पीड़ितों की कुल 2 लाख 86 हजार 255 रुपये की धनराशि वापस करा दी।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी सुखराम सिंह ने रविवार काे बताया कि बिसंडा थाना क्षेत्र निवासी हरिकृष्ण गुप्ता के खाते से यूपीआई के माध्यम से 89,999 रुपये का अनधिकृत लेनदेन किया गया था। साइबर क्राइम पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पूरी 89,999 रुपये की धनराशि वापस करा दी। इसी तरह कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी आदर्श मिश्रा के क्रेडिट कार्ड से एक संदिग्ध लिंक के माध्यम से 1 लाख 8 रुपये की धनराशि कट गई थी। पुलिस टीम की कार्रवाई के बाद पूरी धनराशि पीड़ित को वापस मिल गई।
वहीं, कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी मुकेश कुमार के मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करने के बाद उनके बैंक खाते से 1 लाख 68 हजार रुपये निकाल लिए थे। इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 96 हजार 188 रुपये की धनराशि वापस करा दी। इस प्रकार तीनों मामलों में साइबर ठगी की कुल 2 लाख 86 हजार 255 रुपये की धनराशि पीड़ितों को वापस कराई गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ितों ने रविवार को साइबर क्राइम पुलिस टीम का आभार जताया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में पुलिस लगातार त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों की धनराशि वापस कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल, संदिग्ध कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें। बैंकिंग और यूपीआई से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

