home page

छग : अंतर्राष्ट्रीयस्तर पर साइबर ठगी का मुख्य अंतर्राज्यीय मास्टर माइंड विकास शुक्ला शोलापुर से गिरफ्तार

 | 
छग : अंतर्राष्ट्रीयस्तर पर साइबर ठगी का मुख्य अंतर्राज्यीय मास्टर माइंड विकास शुक्ला शोलापुर से गिरफ्तार


रायपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीयस्तर पर साइबर ठगी करने वाले अवैध कॉल सेंटर गिरोह का मुख्य अंतर्राज्यीय मास्टर माइंड विकास शुक्ला को रायपुर पुलिस ने शोलापुर (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 4 मोबाइल फोन, 4 एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड जब्त किया है।

पुलिस ने आज बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि, रायपुर पुलिस ने इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन के तहत 25 मार्च 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में संचालित तीन अलग-अलग अवैध कॉल सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में सुपरवाइजर सहित कुल 42 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था।

थाना गंज और न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र में स्थित कॉल सेंटरों पर की गई रेड कार्रवाई में पुलिस ने 67 मोबाइल, 18 लैपटॉप, 28 कंप्यूटर सेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित 16 लाख 53 हजार रुपये जब्त किए गए थे। इन कॉल सेंटरों के जरिए विदेशी, खासकर अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाकर ठगी की जा रही थी।

गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मुख्य आरोपित की पहचान अहमदाबाद (गुजरात) निवासी विकास नरेन्द्र शुक्ला के रूप में हुई, जिसके बाद गुजरात, गोवा, उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र में लगातार दबिश दी गई। अंततः उसे शोलापुर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि, आरोपित डार्क वेब, स्काइप, लिंक्डइन और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए अमेरिकी नागरिकों का डेटा हासिल करता था। यह डेटा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से खरीदा जाता था। इसके बाद कॉल सेंटर के जरिए लोगों को लोन और क्रेडिट स्कोर सुधारने का झांसा दिया जाता था। पीड़ितों से गिफ्ट कार्ड के जरिए पैसे वसूले जाते थे। जो लोग पैसे नहीं देते थे, उन्हें फर्जी वारंट और नोटिस भेजकर डराया जाता था।

ठगी से मिली रकम को “प्रोसेसिंग चैनल” के जरिए डॉलर से भारतीय मुद्रा में बदला जाता था और फिर नेटवर्क में शामिल लोगों के बीच बांट दिया जाता था। आरोपित विकास शुक्ला पहले भी वर्ष 2019 में पुणे में अवैध कॉल सेंटर संचालन के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। इसके बावजूद उसने फिर से इसी तरह का नेटवर्क खड़ा कर ठगी शुरू कर दी। मामले में पहले से दर्ज अपराधों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपित से प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपितों के संबंध में विस्तृत पूछताछ किये जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर