साइबर फ्रॉड : कॉल कर लोन दिलाने का झांसा, खाते से 3.60 लाख पार
जोधपुर, 04 सितम्बर (हि.स.)। शहर के पाल लिंक रोड कमला नगर अस्पताल के पास रहने वाले एक शख्स के साथ शातिर ने साइबर ठगी कर ली। उसे लोन दिलाने का झांसा देकर 3.60 लाख रूपए बैंक खाते से उड़ा लिए। पता लगने पर पीडि़त की तरफ से साइबर पोर्टल पर शिकायत दी गई। अब देवनगर पुलिस ने आईटी एक्ट एवं धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। घटना 28-29 अगस्त की है।
देवनगर थानाधिकारी कमल किशोर ने बताया कि कमला नगर अस्पताल पाल लिंक रोड स्थित महावीर नगर निवासी दिलीप पुत्र बाबूलाल माहेश्वरी की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि 28 अगस्त को उसके पास मेें किसी शख्स का कॉल आया और लोन देने की बात की। पांच लाख के लोन के लिए उसने वाटसअप पर बाद में लिंक भेजा। इसके बाद पीडि़त ने लिंक को खोला तब उसके बैंक एकाउंट से पहली बार में 1.90 लाख फिर 1.70 लाख रूपए विड्राल कर लिए गए। पीडि़त की तरफ से साइबर पोर्टल पर भी शिकायत दी गई। घटना को लेकर आईटी एक्ट में केस दर्ज किया गया है, अग्रिम जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

