बागपत में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार,
बागपत, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद बागपत में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो देशभर में लोगों को झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे।
मामले में एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने जानकरी देते हुए बताया है कि मामले का खुलासा तब हुआ जब 1 सितंबर 2026 को एक पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात लोगों ने एक्सिस बैंक इंश्योरेंस पॉलिसी बंद कराने के नाम पर उससे अलग-अलग खातों में कुल 2,87,984 रुपये ट्रांसफर करा लिए। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम बागपत में मुकदमा संख्या 47/2026 धारा 318(4), 111(2) बीएनएस व 66(D) आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
जिसके बाद साइबर क्राइम टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और NCRP पोर्टल की मदद से आरोपियों की पहचान की, मौका देखकर उनको पकड़ा और पूछताछ की। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से एक कार, तमंचा, जिंदा कारतूस, 16 मोबाइल फोन, 7 डेबिट कार्ड, 4 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड, 1 ड्राइविंग लाइसेंस, 11 पासबुक, 15 सिम कार्ड सहित सोने-चांदी के आभूषण और 19,000 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक्सिस मैक्स लाइफ, एचडीएफसी लाइफ, एसबीआई लाइफ, टाटा एआईए जैसी बड़ी इंश्योरेंस कंपनियों के कर्मचारी बनकर लोगों को फोन करते थे और पॉलिसी बंद कराने या बोनस दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे ट्रांसफर कराते थे। ठगी के बाद वे अपने मोबाइल नंबर बदल लेते थे और नए सिरे से लोगों को शिकार बनाते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ NCRP पोर्टल पर 51 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें 14 राज्यों से जुड़े करीब 1.20 करोड़ रुपये की ठगी के मामले शामिल हैं। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25,000 रुपये का इनाम भी दिया है। गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

