home page

साइबर ठगी गिरोह का खुलासा,चार शातिर गिरफ्तार

 | 
साइबर ठगी गिरोह का खुलासा,चार शातिर गिरफ्तार


अररिया 15 सितम्बर(हि.स.)।

अररिया की साइबर थाना पुलिस ने अवैध रूप से ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है।मामले में पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को शिवपुरी वार्ड संख्या नौ इंडियन गैस के पीछे नवनिर्मित भवन के फ्लैट में छापेमारी कर गिरोह के चार शातिरों की गिरफ्तारी के साथ मौके से 2 लाख 20 हजार रुपये नकद, 58 सक्रिय सिम कार्ड, चार मोबाइल फिंगरप्रिंट स्कैनर, एक आई-स्कैनर समेत कई तकनीकी उपकरण बरामद किए हैं। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।

एसपी ने बताया कि 14 सितंबर को साइबर थाना अररिया को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी वार्ड संख्या-09 स्थित एक नवनिर्मित भवन के फ्लैट में कुछ युवक अवैध तकनीकी उपकरणों का इस्तेमाल कर साइबर अपराध को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना की विशेष टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास कर रहे चारों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सुनसान और नवनिर्मित भवनों में ठिकाना बनाकर फिंगरप्रिंट स्कैनर, आई-स्कैनर और आधार-सक्षम भुगतान प्रणाली समेत अन्य ऑनलाइन माध्यमों से भोले-भाले लोगों के बैंक खातों से उनकी जानकारी के बिना राशि निकालते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में बौसी थाना क्षेत्र के बसेठी वार्ड संख्या 10 के 23 वर्षीय ऋषभ कुमार पिता प्रमोद कुमार साह,महलगांव थाना क्षेत्र के अजवा वार्ड संख्या एक निवासी 20 वर्षीय मनीष कुमार पिता दिनेश साहनी,अररिया थाना के किशनपुर वार्ड संख्या छह के 20 वर्षीय शशिकांत शर्मा पिता कुन्दन शर्मा तथा खलीलाबाद वार्ड संख्या 25 के 26 वर्षीय नौशेरवान आदिल पिता शौएब आलम है।

एसपी ने बताया कि मामले में साइबर थाना में कांड संख्या-38/2026, दिनांक 14 सितंबर 2026 को बीएनएस की धारा 318(4),121(1),338,336(3),340(2),3(5) एवं आईटी एक्ट की धारा 66(सी) और 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और साइबर ठगी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

एसपी जितेंद्र कुमार ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना आधार, बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, फिंगरप्रिंट या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करें। आधार कार्ड के बायोमेट्रिक्स को यूआईडीआईएआई पोर्टल या एम आधार मोबाइल एप्प से लॉक रखें।

छापेमारी दल में एसआई सरोज कुमार,मनीषा कुमारी,गृहरक्षक अनमोल कुमार मंडल और निरंजन कुमार शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर