केवाला के कागजात से अंगूठा का निशान निकालकर खाता से पैसे की अवैध निकासी करने वाले चार साइबर ठग गिरफ्तार
अररिया 11 नवम्बर(हि.स.)।
जिले की महलगांव थाना पुलिस ने मंगलवार को करहरा गांव के वार्ड संख्या 10 में मो.हसनैन के घर छापेमारी कर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया।जबकि पुलिसिया कार्रवाई के दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए।पुलिस ने इनके पास से नौ मोबाइल,एक लैपटॉप,दो डिजिटल फिंगर क्लोन डिवाइस बरामद किया है।मंगलवार की रात सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
मामले में पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य करहरा वार्ड संख्या 10 के मो.हसनैन पिता मो.कबीर आलम,मो.सालिक पिता मो.इजहार आलम,शम्स कमर पिता साबिर आलम और वार्ड संख्या 12 के मो.राफिक पिता मो.ईशा को गिरफ्तार किया। जबकि मो.कबीर आलम के पुत्र अशरफ उर्फ गुलाब पिता जुबेर और कोनेन पिता कबीर आलम मौके से फरार होने में कामयाब रहा।मामले को लेकर महलगांव थाना में कांड संख्या 216/26 धारा316(2),319(2),318(4),338,336(3),340(2),112,3(5) बीएनएस एवं 66(सी) और 66(डी) आईटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
सदर एसडीपीओ ने बताया कि महलगांव थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के लिए काम करने वाले गिरोह के कार्य करने की सूचना लगातार मिल रही थी। एक महीना में यह तीसरा साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश है। उदा, कुरसेल,करहरा साइबर ठग का हब बना हुआ है और सूचना पर जिला पुलिस लगातार साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने बताया कि केवाला या दूसरे अन्य कागजातों पर लगे अंगूठा के निशान की कॉपी कर डिजिटल फिंगर क्लोन डिवाइस से निशान का क्लोन तैयार कर आधार से लिंक ग्रामीणों के खाते से अपने या अन्य परिचित के खाते में पैसे का हस्तांतरण कर बाद में उससे निकासी कर लेते हैं।बायोमेट्रिक्स पद्धति का इस्तेमाल गिरोह के सदस्य के द्वारा गलत तरीके से उपयोग किया जाता है।एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
छापामारी दल में महलगांव थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार,एसआई रोमा कुमारी,सुमित कुमार,एएसआई चंद्रमोहन भंडारी,सिपाही राजू कुमार राम और महिला सिपाही अवन्तिका कुमारी शामिल थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

