home page

साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, दो फरार

 | 
साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, दो फरार


- पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने दी जानकारी

मुरादाबाद, 17 नवंबर (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना भगतपुर पुलिस व साइबर थाना पुलिस जनपद मुरादाबाद द्वारा संगठित साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस टीम ने साइबर ठगी गिरोह के 02 शातिर आरोपितों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 13 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 10 बैंक पासबुक, 2 चेकबुक, 1 फर्जी हस्ताक्षर का चेक, 9 एटीएम कार्ड, 3 सिम कार्ड, 1 बुलेट मोटरसाइकिल आरसी, 3 पैन कार्ड, 5 आधार कार्ड तथा 1,05,000 रुपये नकद बरामद किए। वहीं मौके से दो आरोपित फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह मुरादाबाद के नेतृत्व में मंगलवार को थाना भगतपुर पुलिस टीम व साइबर थाना पुलिस जनपद मुरादाबाद द्वारा मुखबिर खास की सूचना पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए साइबर क्राइम करने वाले अर्न्तराज्य गैंग के 02 शातिर आरोपित थाना भगतपुर क्षेत्र के ग्राम दौलपुरी बमनिया निवासी हसन पुत्र मुर्तजा व ग्राम भगतपुर के फिरोज आलम पुत्र जमीर अहमद को थाना भगतपुर क्षेत्र के टाहमदन रोड स्थित बंद पड़े भट्टे के अंदर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। मौके से पकड़े गए आरोपितों के साथी ग्राम भगतपुर के शाहनवाज पुत्र शराफत व सरफराज पुत्र शराफत फरार हो गए।

एसपी देहात के अनुसार जांच के दौरान प्रकाश में आया कि पकड़ गए आरोपितों ने सिटी यूनियन बैंक एवं उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक सहित विभिन्न फर्जी खातों के माध्यम से 7 अक्टूबर 2025 से 27 अक्टूबर 2025 के बीच अभियुक्तों द्वारा कुल 47,82,090 रूपये की धनराशि साइबर ठगी के जरिए आहरित की गई थी।

पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह का संचालन करते हैं। इनके द्वारा भोले-भाले लोगों को झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए जाते हैं तथा साइबर ठगी से प्राप्त अवैध धनराशि को उन खातों में मंगाकर विभिन्न माध्यमों से नगद आहरित कर आपस में बांट लिया जाता है।

आरोपितों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना भगतपुर के थानाध्यक्ष सुमित राठी, उपनिरीक्षक मौ. सरताज, सब इंस्पेक्टर गुलवीर सिंह व थाना साइबर क्राइम उपनिरीक्षक शिवम तायल ाआदि विभिन्न हेड कांस्टेबिल व कांस्टेबिल शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल