home page

ड्राई फ्रूट्स खरीदने के चक्कर में बुजुर्ग को लगा 3.29 लाख रुपये का चूना

 | 
ड्राई फ्रूट्स खरीदने के चक्कर में बुजुर्ग को लगा 3.29 लाख रुपये का चूना


जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। जवाहर सर्किल थाना इलाके में 63 वर्षीय बुजुर्ग के साथ ऑनलाइन साइबर ठगी का मामला सामने आया है। बुजुर्ग ने ड्राई फ्रूट्स का ऑर्डर दिया था। इसके बाद ठगों ने जीएसटी के नाम पर सामान अटकने और भुगतान वापस करने का झांसा देकर उन्हें पेमेंट रिक्वेस्ट भेजी। रिक्वेस्ट पर प्रक्रिया करते ही बुजुर्ग के एचडीएफसी बैंक खाते से 9 अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 3 लाख 29 हजार 987 रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी महेश चंद्र गुर्जर ने बताया कि पंचशील एन्क्लेव निवासी संजय मोजिस सैम्युल (63) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 5 नवंबर को उन्होंने श्रीराम ड्राई फ्रूट्स के व्हाट्सऐप नंबर पर संपर्क कर ड्राई फ्रूट्स का ऑर्डर दिया था। बताए गए तरीके से उन्होंने 4 हजार रुपए का भुगतान भी कर दिया। इसके दो दिन बाद व्हाट्सऐप कॉल के जरिए एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। उसने बताया कि जीएसटी के कारण उनका सामान अटक गया है और वह भुगतान वापस करना चाहते हैं। विश्वास दिलाने के लिए आरोपित ने दो फर्जी स्क्रीनशॉट भी भेजे। इसके बाद बुजुर्ग के मोबाइल पर पेमेंट रिक्वेस्ट भेजी गई। बुजुर्ग ने जैसे ही रिक्वेस्ट पर प्रक्रिया की, उनके एचडीएफसी बैंक खाते से 9 अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 3,29,987 रुपए कट गए। खाते से बड़ी रकम निकलने पर उन्हें अपने साथ हुई साइबर ठगी का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर व्हाट्सएप नंबर और बैंक खातों के लेनदेन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश