home page

बरेली जेल में तैनात जेलकर्मी के साथ हुई साइबर ठगी

 | 
बरेली जेल में तैनात जेलकर्मी के साथ हुई साइबर ठगी


- एटीएम बूथ में लगे स्पीकर से आवाज आई कि मशीन खराब है और पैसे खाते में वापस आ जाएंगे

- मामले में जांच पुलिस के साथ साइबर सेल भी कर रही: इंस्पेक्टर सिविल लाइन

मुरादाबाद, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में महानगर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कांठ रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ में बरेली जेल में तैनात जेलकर्मी ने एटीएम से 10 हजार रुपये निकालने की कोशिश की तो खाते से रकम कट गई, लेकिन नकदी बाहर नहीं आई। इसी दौरान बूथ में लगे स्पीकर से आवाज आई कि मशीन खराब है और पैसे खाते में वापस आ जाएंगे। करीब डेढ़ घंटे बाद जेलकर्मी दोबारा एटीएम पर पहुंचा तो स्पीकर गायब था। उसने पुलिस और बैंक अधिकारियों से शिकायत की है। थाना सिविल लाइन एसएचओ सिविल लाइंस हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले में जांच पुलिस के साथ साइबर सेल भी कर रही है।

सिविल लाइंस क्षेत्र निवासी राजीव कुमार त्यागी बरेली जेल में तैनात हैं। उन्होंने सोमवार सुबह करीब 10 बजे हरथला चौकी क्षेत्र में कांठ रोड पर क्रॉस व्हील्स के सामने बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से 10 हजार रुपये निकालने की कोशिश की। कार्ड डालकर प्रक्रिया पूरी करने के बाद खाते से रकम कट गई, लेकिन एटीएम से नकदी नहीं निकली। इसी दौरान एसी के पास लगे स्पीकर से आवाज आई कि मशीन खराब है और पैसे खाते में वापस हो जाएंगे। राजीव के मुताबिक, करीब डेढ़ घंटे बाद जब वह दोबारा एटीएम पहुंचे तो स्पीकर वहां से गायब था। एटीएम बूथ में लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले ने खुद को बैंक मैनेजर बताते हुए उनके साथ फ्रॉड होने की बात कही।

उसने यह भी बताया कि दो अन्य लोगों ने भी इसी तरह की शिकायत की है। इसके बाद राजीव हरथला चौकी पहुंचे। वहां आशीष साहू नाम के एक अन्य व्यक्ति की ओर से भी इसी तरह की शिकायत किए जाने की जानकारी मिली। आशंका जताई जा रही है कि ठगों ने एटीएम के नकदी निकलने वाले हिस्से पर टेप लगा दिया था। साथ ही स्पीकर के जरिए पहले से रिकॉर्ड आवाज चलाकर ग्राहकों को यह भरोसा दिलाया गया कि रकम वापस खाते में आ जाएगी। ग्राहक के चले जाने के बाद टेप हटाकर नकदी निकालने की आशंका है।

थाना सिविल लाइन एसएचओ सिविल लाइंस हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच पुलिस के साथ साइबर सेल भी कर रही है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल