साइबर फ्रॉड : दो लोगों के बैंक खाते से दो लाख की रकम पार, केस दर्ज
जोधपुर, 08 सितम्बर (हि.स.)। जिला पश्चिम में दो लोग साइबर फ्रॉड का शिकार हुए। शातिरों ने उनके बैंक खातों से दो लाख से ज्यादा की रकम को पार कर लिया। एसओजी की तरफ से जीरो नंबर एफआईआर पर अब संबंधित थानों मेंं रिपोर्ट दी गई है। पीडि़तों में एक नौकरी पेशा व्यक्ति है जबकि दूसरी वृद्ध महिला बताई जाती है। पुलिस ने साइबर ठगी के संबंध में अब जांच आरंभ की है।
भगत की कोठी पुलिस ने बताया कि मधुबन हाउसिंग बोर्ड डीडीपी नगर निवासी परिवादी गौतम चंद गौड़ पुत्र पारसमल की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि उसकी माताजी सुमित्रा देवी के खाते से 28 अगस्त को फोन-पे के माध्यम से 1 लाख रुपए किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। परिवादी के अनुसार उसे इस लेन-देन की जानकारी नहीं थी। रिपोर्ट में बैंक खाते से हुई संदिग्ध निकासी को लेकर जांच की मांग की गई है।
पुलिस अब बैंक खाते, फोन-पे लेन-देन और संबंधित मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाकर यह पता लगाने में जुटी है कि रकम किसके खाते में और किस तरीके से ट्रांसफर हुई। जांच सहायक उप निरीक्षक अरमोश सिंह की तरफ से की जा रही है।
नौकरी पेशा व्यक्ति से साइबर फ्रॉड :
वहीं सरदारपुरा पुलिस के अनुसार मोटर गैराज खानपुर झालावाड़ हाल सरदारपुरा बी रोड निवासी सुरेश पुत्र बाबूलाल तंबोली ने रिपोर्ट दी कि वह नौकरी करता है। 17 अगस्त को अज्ञात शख्स द्वारा उसके बैंक एकाउंट से एक लाख रूपए ट्रांसफर कर लिए गए। पता लगने पर उसके द्वारा साइबर पोर्टल पर इसकी शिकायत दी गई थी। सरदारपुरा जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

