फर्जी कंपनी की डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर 1.61 लाख की ठगी
बांदा, 15 सितंबर (हि.स.)। रिलायंस कंपनी के कैम्पा कोला पेय पदार्थ की डिस्ट्रीब्यूटरशिप डीलरशिप दिलाने के नाम पर ठगों द्वारा फर्जी कंपनी बनाकर 1 लाख 61 हजार 156 रुपये ठग लिए गए। अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी होने पर पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया है।
उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना फतेहगंज अंतर्गत कस्ना निवासी कैलाश नाथ सोनी पुत्र मेवालाल सोनी ने फतेहगंज थानाध्यक्ष को दी तहरीर में बताया कि वह कैम्पा कोला की डीलरशिप लेना चाहता था। इसी दौरान फर्जी कंपनी के व्यक्तियों ने उससे संपर्क किया और फर्जी वेबसाइट व आईडी दिखाकर खुद को कंपनी से संबंधित कर्ता धर्ता बताते हुए डीलरशिप दिलाने और सामान भेजने का झांसा देकर उससे 1,61,156 रुपये ठग लिए। उसने धनराशि 25,500 रुपये कोटक महिंद्रा बैंक खाते में यूपीआई के माध्यम से,50,000 रुपये बैंक ऑफ इंडिया खाते में, इसके बाद उसके एचडीएफसी खाते से बैंक ऑफ इंडिया के उसी खाते में क्रमशः 28,656, 17,000 और 40,000 रुपये ट्रांसफर किया है।पैसा भेजने के बाद भी न तो डीलरशिप दी गई और न ही सामान भेजा गया। कुछ समय बाद आरोपियों ने फोन भी उठाना बंद कर दिया और संपर्क समाप्त कर दिया।
पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ठगी गई रकम को फ्रीज व बरामद करने की मांग की है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा लिख लिया है और जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

