home page

साइबर फ्रॉड में बैंक खाते बेचने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
साइबर फ्रॉड में बैंक खाते बेचने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार


जयपुर, 12 जून (हि.स.)। जयपुर ग्रामीण के सामोद थाना पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक खाते उपलब्ध करवाकर साइबर ठगी में सहयोग करने वाले तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में आरोपिताें के बैंक खातों से जुड़े साइबर फ्रॉड के मामले उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना सहित कई राज्यों में दर्ज पाए गए हैं।

सामोद थाना प्रभारी हेमराज सिंह गुर्जर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित साइबर ठगों को अपने बैंक खाते बेचकर अथवा उपलब्ध कराकर धोखाधड़ी की वारदातों में सहयोग करते थे। जांच में सामने आया कि आरोपियों के बैंक खातों में साइबर ठगी से संबंधित राशि जमा हुई थी। इनमें अलग-अलग खातों में 77,570 रुपये और 25,549 रुपये की संदिग्ध राशि जमा होना पाया गया।

पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपिताें के बैंक खातों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में साइबर फ्रॉड से संबंधित शिकायतें दर्ज हैं। साइबर क्राइम पोर्टल पर आरोपिताें के विरुद्ध कुल छह शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।

पुलिस ने इस मामले में अनिल मीणा (29) पुत्र सुरेश मीणा निवासी मोरीजा, कृष्ण मीणा (21) पुत्र हरिनारायण मीणा निवासी मोरीजा तथा केशव सैनी (23) पुत्र महादेव सैनी निवासी भोजलावा को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी हेमराज सिंह ने बताया कि आरोपिताें से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि साइबर ठगी के गिरोह से इनके संबंध कितने व्यापक हैं और किन-किन लोगों को बैंक खाते उपलब्ध कराए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश