शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 15 लाख की ठगी करने वाले सीकर से गिरफ्तार
जयपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। शेयर ट्रेडिंग और कमोडिटी में भारी मुनाफे का लालच देकर 15 लाख 4 हजार 999 रुपए की साइबर ठगी करने के मामले में जयपुर कमिश्नरेट की साइबर थाना पुलिस ने सीकर जिले से दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित कमीशन के बदले बैंक खाते खुलवा कर ठगी की रकम उनमें मंगवाते और फिर दूसरे खातों में हस्तांतरित कर देते थे।
पुलिस उपायुक्त अपराध अनुष्ठा कालिया ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि ईजेड इन्वेस्ट कंपनी के नाम से संपर्क कर अंतरराष्ट्रीय बाजार और कमोडिटी में निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया और 3 जुलाई से 27 जुलाई 2026 के बीच छह अलग-अलग लेन-देन में कुल 15,04,999 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर टीम गठित की गई। जहां पुलिस टीम ने बैंक खातों के विवरण, तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल गतिविधियों का विश्लेषण कर आरोपित शिवचरण उर्फ विष्णु सैनी (54) और राजेश कुमार सैनी (39) को गिरफ्तार किया गया। दोनों ही आरोपित खंडेला जिला सीकर के रहने वाले है। पुलिस आरोपिताें से पूछताछ कर ठगी के नेटवर्क और रकम के लेन-देन से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

