home page

रायगढ़ : 37 लाख की साइबर ठगी में महिला समेत पांच अंतर्राज्यीय आरोपित गिरफ्तार

 | 
रायगढ़ : 37 लाख की साइबर ठगी में महिला समेत पांच अंतर्राज्यीय आरोपित गिरफ्तार


रायगढ़, 24 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की रायगढ़ साइबर पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर सेवानिवृत्त विद्युत विभाग पर्यवेक्षक से करीब 36.97 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा करते हुए राजस्थान के भीलवाड़ा से एक महिला सहित पांच अंतर्राज्यीय आरोपिताें काे गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आराेपिताें को ट्रांजिट रिमांड पर शुक्रवार काे रायगढ़ लाया गया है।

आरोपिताें ने रायगढ़ के सेवानिवृत्त विद्युत विभाग पर्यवेक्षक से करीब 36.97 लाख रुपये की ठगी की थी और पूछताछ में देशभर में इस तरह की कई वारदातों में संलिप्तता सामने आई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने शुक्रवार काे पत्रकारवार्ता में गिरोह के अपराध करने के तरीके का खुलासा करते हुए बताया कि कैसे आरोपिताें ने गिरोह बनाया, इस गिरोह में शामिल राहुल व्यास बंधन बैंक का कर्मचारी है। आरोपित महिला बेव साइड डेव्लपर है । संगठित तरीके से काम कर रहा यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से लोगों को कानून, मनी लॉन्ड्रिंग और गिरफ्तारी का डर दिखाकर ठगी को अंजाम देता था, जिसे तकनीकी जांच और सटीक कार्रवाई से खुलासा हुआ।

माह फरवरी में जिले में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया था। जिसमें अज्ञात साइबर ठगों ने खुद को टेलीकॉम अधिकारी, पुलिस अधिकारी और सीबीआई अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाते हुए विद्युत विभाग के सेवानिवृत्त परिवेक्षक नरेन्द्र ठाकुर केसर परिसर रायगढ़ से 36,97,117 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित द्वारा 17 फरवरी 2026 को साइबर पुलिस थाना रायगढ़ में लिखित आवेदन देकर घटना की शिकायत दर्ज कराई गई है, जिस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 02/2026 धारा 308(6), 318(4) भारतीय न्याय संहिता एवं 66(D) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित ने बताया कि वह जनवरी 2022 में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत पारेषण कंपनी से परिवेक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुआ है। 14 जनवरी 2026 को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात महिला का कॉल आया, जिसने स्वयं को टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया से संबंधित बताते हुए कहा कि उसके पहचान पत्र का उपयोग कर जियो कंपनी का मोबाइल नंबर लेकर गलत गतिविधियां की जा रही हैं। इसके बाद कॉल को तथाकथित टेलीकॉम अधिकारी एवं दिल्ली के बारह खंभा रोड पुलिस स्टेशन के फर्जी अधिकारी से कनेक्ट कराया गया, जिन्होंने पीड़ित को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने और गिरफ्तारी की धमकी दी।

इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने वीडियो कॉल कर स्वयं को आईपीएस अधिकारी नीरज ठाकुर बताया और पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाते हुए कहा कि उसके खिलाफ गंभीर अपराध दर्ज है और उसे जांच में सहयोग करना होगा। ठगों ने पीड़ित से उसके बैंक खाते, संपत्ति और अन्य वित्तीय जानकारी ली तथा यह कहकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवाई कि जांच पूरी होने के बाद राशि वापस कर दी जाएगी। ठगों की धमकी और दबाव में आकर पीड़ित ने 30 जनवरी से 11 फरवरी 2026 के बीच कुल 36,97,117 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में परिजनों को जानकारी होने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद साइबर थाना में शिकायतकर्ता आने पर तत्काल रिपोर्ट करने पर उसी समय साइबर पुलिस रायगढ़ ने पीड़ित के लगभग 2 लाख रुपये होल्ड कराया गया ।

पीड़ित की रिपोर्ट पर रायगढ़ साइबर थाने द्वारा बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की गई, जिसमें पीड़ित द्वारा आरोपिताें को भेजे गए 4.50 लाख रूपये भीलवाडा राजस्थान के बैंकों में जमा होने की जानकारी मिली। बैंक डिटेल और तकनीकी साक्ष्य जुटा कर आरोपिताें का पता लगाया गया जिसमें एक बड़ी इनपुट प्राप्त होने पर एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी साइबर विजय चेलक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर भीलवाड़ा राजस्थान रवाना किया गया । जहां पुलिस टीम साइबर रायगढ़ की पुलिस टीम कैंप का तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपिताें का पता लगा। जिसमें बंधन बैंक भीलवाड़ा के एम्पलाई राहुल व्यास की संलिप्तता अपराध में पाई और उसे तत्काल हिरासत में लिया । जिससे पूछताछ पर आगे पूरे गैंग का खुलासा हुआ ।

पुलिस ने राहुल व्यास से पूछताछ कर उसके गिरोह के आरोपित रविराज सिंह उसकी पत्नी आरती राजपूत आरोपित संजय मीणा और गौरव व्यास को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर हिरासत में लेकर ट्रांजिट रिमांड पर आज रायगढ़ लाया है ।

गिरफ्तार आरोपितों में राहुल व्यास, सदर बाजार गणेश मंदिर के पास नहरी रायपुर, भीलवाडा राजस्थान, रविराज सिंह उम्र-27 वर्ष निवासी सिरोदनिया थाना देवगढ़ जिला राजसमन राजस्थान हा.गु. शारदा 2 ड्रीम सिटी-सी-127, थाना गंगरोप, जिला भीलवाड़ा राजस्थान, संजय मीणा उम्र-27 वर्ष निवासी 10 एस-11 पटेल नगर थाना प्रतापनगर, जिला भीलवाड़ा राजस्थान, आरती राजपूत उम्र 26 वर्ष, निवासी, सिरोदनिया थाना देवगढ़ जिला राजसमन राजस्थान हा. मु.शारदा ड्रीम सिटी-सी-127, थाना गंगरोप, जिला भीलवाड़ा राजस्थान, गौरव व्यास उम्र 24 वर्ष, निवासी 351/10, आई-सेक्टर, आजाद नगर थाना प्रतापनंगर जिला भीलवाड़ा राजस्थान शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान