home page

एपीके फाइल से मोबाइल हैक कर करते थे साइबर ठगी, गिरोह के 9 सदस्य गिरफ्तार

 | 

52,475 रुपये नकद, बोलेरो, लैपटॉप, 10 मोबाइल, 6 एटीएम कार्ड समेत कई दस्तावेज बरामद, पुलिस टीम को 20 हजार का पुरस्कार

बांदा, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में साइबर क्राइम टीम, कोतवाली नगर और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए

साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नौ अभियुक्ताें काे गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य एपीके फाइल और अन्य एप्लीकेशन के माध्यम से लोगों के मोबाइल फोन हैक कर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। इसके अलावा लोगों को झांसे में लेकर उनके आधार, पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज हासिल कर फर्जी फर्मों और कंपनियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर ठगी की रकम मंगाते थे।

सहायक पुलिस अधीक्षक नगर मेविस टॉक ने रविवार को बताया कि क्राइम थाना को एक संदिग्ध बैंक खाते की जानकारी मिली थी, जिसमें साइबर ठगी की धनराशि जमा कराई जा रही थी। जांच के दौरान 11 जुलाई की रात मवई बाइपास से संदिग्ध खाताधारक प्रेम प्रकाश को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने गिरोह के अन्य सदस्यों के बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के नीचे मौजूद होने की जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बोलेरो में बैठे आठ अन्य आरोपिताें को भी पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह मोबाइल हैक करने, फर्जी बैंक खाते और सिम कार्ड तैयार कराने तथा साइबर ठगी की रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर नकद निकालने का काम करता था। शिकायत होने पर खाते होल्ड होने की जानकारी मिलते ही आरोपित मोबाइल, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य नष्ट कर देते थे।

पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से 52,475 रुपये नकद, एक बोलेरो, एक लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड, एक चेकबुक और एक पैन कार्ड बरामद किया है। बरामद मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर गिरोह की अन्य वारदातों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, फर्जी खाते खुलवाने और सिम उपलब्ध कराने वालों की भी तलाश कर रही है।

सहायक पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें में प्रेम प्रकाश पुत्र भैरम प्रसाद निवासी जवाहर नगर नरैनी, सूरज पुत्र सुरेश निवासी बिजली खेड़ा, कोतवाली नगर, समीर पुत्र सुनील कुमार निवासी किरन कॉलेज चौराहा, अभिषेक पुत्र राजू निवासी जरैली कोठी, जीतू पुत्र राजेश निवासी कंचनपुरवा, योगेश पुत्र चुनबाद निवासी पल्हरी, कृष्णा पुत्र महेश निवासी डिग्गी चौराहा, सुशील कुमार पुत्र श्रीराम गोपाल निवासी कनवारा तथा मुकेश कुमार पुत्र नत्थू निवासी सहरी, थाना मटौंध, जनपद बांदा शामिल है। आराेपिताें के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। वहीं, साइबर ठगी के इस संगठित गिरोह का खुलासा करने वाली संयुक्त पुलिस टीम के उत्कृष्ट कार्य पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने टीम को 20 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।

-----------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह