home page

चालीस लाख की साइबर ठगी का खुलासा,अंतरराज्यीय ठग गिरफ्तार

 | 
चालीस लाख की साइबर ठगी का खुलासा,अंतरराज्यीय ठग गिरफ्तार


--नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, डेबिट कार्ड, चेकबुक व मोबाइल फोन बरामद

झांसी, 06 जून (हि.स.)। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नवाबाद पुलिस ने 40 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, डेबिट कार्ड, चेकबुक, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। उसने ठगी की रकम से झांसी के मालाबार और कल्याण ज्वेलर्स से आभूषण भी खरीदे थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।

पुलिस लाइन में शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि सीपरी बाजार की ध्यानचंद कॉलोनी निवासी अजय कुमार ने 4 जून को नवाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके खाते से फर्जी आरटीजीएस-एनईएफटी प्रक्रिया के जरिए 40 लाख रुपये पंजाब एंड सिंध बैंक के एक खाते में ट्रांसफर कर लिए गए।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि धनराशि पश्चिम बंगाल के हुगली जनपद के दुनियाखाली निवासी समीर सामंथ के खाते में भेजी गई थी। आरोपित की तलाश की जा रही थी। शनिवार को सूचना मिली कि वह रेलवे स्टेशन से भागने की कोशिश कर रहा है। इस पर नवाबाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह विभिन्न शहरों के बैंकों में जाकर ग्राहकों द्वारा भरे गए आरटीजीएस, पीपीएस और अन्य बैंकिंग फॉर्म हासिल कर लेता था। इन फॉर्मों पर मौजूद हस्ताक्षरों की नकल कर वह खाताधारकों के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार करता और रकम ट्रांसफर करा लेता था। अजय कुमार के मामले में भी उसने बैंक डेस्क से फॉर्म बदलकर उनके हस्ताक्षरों की हूबहू नकल की थी।

पुलिस ने आरोपित के पास से 94,100 रुपये नकद, पांच डेबिट कार्ड, कई बैंक चेक, पैन कार्ड, दो कीपैड मोबाइल, एक एंड्रॉयड मोबाइल तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस आरोपित के अन्य राज्यों में फैले नेटवर्क और संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया