home page

नोएडा में नौ लोगों से 69 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी

 | 
नोएडा में नौ लोगों से 69 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी


नोएडा, 11 जुलाई (हि.स.)। साइबर अपराधी इन दिनों जिले में पूरी तरह से सक्रिय होकर अपराध कर रहे हैं। इसी क्रम में शहर के विभिन्न जगहों पर रहने वाले नौ लोगाें से करीब 69 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी हुई हैं। पीड़ितों की तहरीर पर शुक्रवार की रात को रिपोर्ट दर्ज कर साइबर क्राइम पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने शनिवार को बताया कि बरौला गांव निवासी वीरेंद्र बिष्ट ने शुक्रवार की रात को थाना साइबर क्राइम में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधियों ने शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर उनसे अपने विभिन्न खातों में 7 लाख 24 हजार 512 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं, बीती रात को राजकुमार ने साइबर क्राइम थाने मे रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका खाता इंडसइंड बैंक में है। उनके अनुसार अज्ञात साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी करके उनके खाते से 8 लाख 48 हजार रुपये निकाल लिए हैं। पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सेक्टर 45 में रहने वाली शबनम खातून ने अपनी तहरीर में मोबाइल पर गेम खेल रहे उनका बेटा फैजान साइबर ठग का शिकार हो गया। साइबर अपराधियों ने उसे अपने जाल में फंसाकर उससे विभिन्न खातों में 5 लाख 32 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिया।

आरती तिवारी ने थाना साइबर क्राइम में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि तथाकथित अमित मेहता नाम के व्यक्ति ने जीवन सुरक्षा कंपनी का कर्मचारी बताकर उनकी पॉलिसी वापस दिलवाने का आश्वासन दिया तथा उन्हें अपने झांसे में लेकर विभिन्न बार में 5.5 लाख रुपये अपने विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवा लिया। उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बीती रात को हिमगिरि अपार्टमेंट सेक्टर 34 निवासी शशि सहगल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके बैंक खाते से अज्ञात साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी करके 7 लाख 49 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिया गया। इलाके में रहने वाले

मनोज कुमार पटेल से 14 लाख 55 हजार रुपये की ठगी हुई है। पीड़ित ने जैसे ही मोबाइल पर मिले आरटीओ चालान के मैसेज को खोला और मोबाइल हैक कर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दे डाला।

डीसीपी ने बताया कि इसी तरह पीड़ित शंभूनाथ से 7 लाख 2 हजार रुपये, राजेश से 7 लाख 80 हजार रुपये, हेमंत कुमार शर्मा से 8 लाख 46 हजार 625 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। इन सभी शिकायतों को गंभीरता से लेकर साइबर क्राइम टीम जांच कर रही हैं, शीघ्र घटना का खुलासा ​कर पीड़ितों की मदद की जाएगी।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी