दिल्ली जल बोर्ड का अधिकारी बनकर साइबर अपराधी ने ठगी रकम
नोएडा, 23 मई (हि.स.)। दिल्ली जल बोर्ड का अधिकारी बताकर अज्ञात साइबर अपराधी ने एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया तथा उनसे करीब 3 लाख 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर 126 के प्रभारी सोमेश कुमार ने शनिवार काे बताया कि वीरेंद्र सिंह चौहान ने आज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सेक्टर 128 स्थित विश टाउन सोसायटी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार उनके मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने कहा कि वह जल बोर्ड का कर्मचारी है। उसने कहा कि आपका दिल्ली स्थित मकान के पानी के मीटर की रीडिंग अपडेट करनी है। आरोपित ने पीड़ित से एक ऐप डाउनलोड करवाया। जैसे उन्होंने ऐप डाउनलोड किया उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। पीड़ित के अनुसार आरोपित ने उनके दो बैंक खातों से क्रमशः 65 हजार रुपए तथा 2,74,863 रूपये निकाल लिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

