home page

साइबर अपराधियों ने बुजुर्ग डॉक्टर से की 20 लाख रुपये की ठगी

 | 
साइबर अपराधियों ने बुजुर्ग डॉक्टर से की 20 लाख रुपये की ठगी


नोएडा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। साइबर अपराधियों ने पुरानी इंश्योरेंस पॉलिसी पर एक करोड़ रुपये मिलने का लालच देकर सेक्टर-27 निवासी 81 वर्षीय डॉक्टर से 20 लाख रुपये से अधिक की रकम ठग ली। ठगों ने पीड़ित से व्हाट्सऐप के जरिये संपर्क कर घटना को अंजाम दिया ।

पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने साेमवार काे बताया कि सेक्टर-27 निवासी डॉक्टर रतिश चंद्र ने बीती रात को साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अनजान व्यक्तियों ने उनके व्हाट्सऐप नंबर पर संदेश भेजकर बातचीत शुरू की। आरोपियों के पास उनकी पुरानी इंश्योरेंस पॉलिसी से संबंधित कुछ जानकारियां थीं। इन्हीं जानकारियों को साझा कर आरोपियों ने उनका भरोसा जीतने की कोशिश की। इसके बाद पॉलिसी के बदले एक करोड़ रुपये का रिटर्न दिलाने का प्रस्ताव दिया। ठगों ने रकम प्राप्त करने के लिए कुछ औपचारिकताएं पूरी करने और निर्धारित धनराशि जमा करने की बात कही। आरोपियों ने डॉक्टर से एक फॉर्म भी भरवाया और प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर रुपये मांगने शुरू कर दिए। शुरुआत में उनसे एक लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद अलग-अलग चरणों में और रकम जमा करने के लिए कहा जाता रहा। डॉक्टर आरोपियों के झांसे में आते गए और आठ दिन के भीतर सात बार में कुल 20 लाख एक हजार 712 रुपये भेज दिए। उन्हें उम्मीद थी कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद पॉलिसी की रकम मिल जाएगी, लेकिन खाते में एक करोड़ रुपये नहीं आए।

डॉक्टर ने काफी समय तक वादे के मुताबिक रकम नहीं मिलने पर आरोपियों से संपर्क किया और अपने रुपये वापस करने का दबाव बनाया। इसके बाद जालसाजों ने उनसे बातचीत बंद कर दी। ठगी का अहसास होने पर डॉक्टर ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। मामले में साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस अब उन बैंक खातों का ब्योरा जुटा रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई। साथ ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए लेनदेन और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी