महिला को 09 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट कर साइबर अपराधियों ने ठगा 14 लाख 76 हजार
गाजियाबाद, 14 अक्टूबर (हि.स.)। साइबर अपराधियों ने एक महिला को 09 दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर उससे 14 लाख 76 हजार रुपए अपने विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवा लिया। अपराधियों ने महिला की बेटी को अगवा करने की धमकी दी।
अपर पुलिस उपायुक्त क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि उषा रानी ने साइबर क्राइम थाने में आज रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके पति सचिन के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को पुलिस का अधिकारी बताया। उसने कहा कि आपके आधार कार्ड का दुरुपयोग कर मनी लॉन्ड्रिंग की गई है। महिला के अनुसार उनके पति पैरालाइज्ड है। उन्होंने अपनी पत्नी उषा का नंबर आरोपियों को दिया। आरोपियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से वीडियो कॉल किया। महिला के अनुसार वीडियो कॉल करने वाले खुद को क्राइम ब्रांच और पुलिस के अधिकारी बता रहे थे।
उन्होंने मनी लांड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर महिला को 9 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा। उनकी हर गतिविधियों पर नजर रखी। महिला के परिवार के बारे में जानकारी ली। उनकी बेटी को स्कूल से अगवा करने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि महिला डर गई तथा उसने 9 अक्टूबर 2026 को साइबर अपराधियों द्वारा बताए गए विभिन्न खातों में 14 लाख 76 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिया। इसके बावजूद भी आरोपी महिला से रकम की मांग करते रहे। उसके बाद महिला को अपनी ठगी का एहसास हुआ तथा उसने आज थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज करवाया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

