जबलपुर में वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 37 लाख की साइबर ठगी
जबलपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। अधारताल क्षेत्र के जागृति नगर अमखेरा निवासी 29 वर्षीय विक्रांत साहू से जालसाजों ने वर्क फ्रॉम होम और घर बैठे कमाई का झांसा देकर 37 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। ठगों ने टेलीग्राम और एक ऐप के जरिए होटल रेटिंग का काम देने का भरोसा दिलाया था। पीड़ित की शिकायत पर अधारताल पुलिस ने बुधवार को धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, विक्रांत को टेलीग्राम पर ‘अदिति रियांश’ नाम से एक मैसेज मिला था। इसमें ‘सीक्रेट एस्केप्स’ के जरिए होटलों को रेटिंग देने के बदले मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। शुरुआत में जालसाजों ने भरोसा जीतने के लिए रेटिंग के बदले विक्रांत को 1,024 रुपये का भुगतान किया।
इसके बाद ठगों ने 10 हजार रुपये जमा कराने पर 17,546 रुपये और 20,960 रुपये के निवेश पर 42,573 रुपये लौटाए। शुरुआती रकम मिलने के बाद विक्रांत को जालसाजों पर भरोसा हो गया और वह लगातार अधिक रकम निवेश करता चला गया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि 11 से 15 जनवरी 2025 के बीच विक्रांत ने एनईएफटी, आरटीजीएस और फोनपे के जरिए कई किस्तों में रकम ट्रांसफर की। उसने अपने भारतीय स्टेट बैंक के मिलौनीगंज शाखा स्थित खाते के अलावा पत्नी के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया खाते से भी रुपये भेजे।
इसके अलावा साथी शुभम विश्वकर्मा से और परिचित अंकिता गुप्ता के इंडियन बैंक खाते से रुपये जालसाजों को ट्रांसफर कराए गए। विक्रांत ने मदनमहल और आईसीआईसीआई बैंक की शाखाओं में पहुंचकर भी बड़ी रकम नकद जमा की।
जालसाजों की रकम की मांग इसके बाद भी जारी रही। आरोप है कि मार्च 2026 तक अलग-अलग बैंक खातों और फोनपे के माध्यम से किस्तों में लगातार रकम जमा कराई जाती रही। ठगों ने पीड़ित से कुल 37,61,566 रुपये ले लिए, लेकिन इसके बदले सिर्फ 61,143 रुपये वापस किए।
ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित ने 25 अगस्त की रात अधारताल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्ध टेलीग्राम अकाउंट, बैंक खातों और ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस अब अज्ञात आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

