home page

जबलपुरः एक ही चेहरे से 63 सिम एक्टिवेट, एक आरोपी गिरफ्तार

 | 
जबलपुरः एक ही चेहरे से 63 सिम एक्टिवेट, एक आरोपी गिरफ्तार


जबलपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन फेस” के तहत जबलपुर साइबर सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड सक्रिय करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बुधवार को बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मामले की जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि एक ही व्यक्ति के चेहरे का उपयोग कर दर्जनों फर्जी सिम कार्ड एक्टिवेट किए गए थे। इस संबंध में थाना अपराध में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी अंबेश झारिया, निवासी ग्राम बम्होड़ी मेहता, थाना घंसौर, जिला सिवनी को बुधवार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने वर्ष 2019 में अपने एक साथी के साथ मिलकर पैसों के लालच में अपनी ही फोटो का उपयोग करते हुए अलग-अलग नाम और पते से फर्जी आधार कार्ड बनवाए थे। इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोपी ने कुल 63 सिम कार्ड एक्टिवेट कराए, जिनका उपयोग विभिन्न अवैध गतिविधियों में किया जा सकता था। पुलिस के अनुसार, इनमें 16 सिम वीआई (Vi) और 47 सिम एयरटेल के शामिल हैं।

साइबर पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक