home page

जबलपुर : पनागर में साइबर ठगी, एपीएआर इंडस्ट्रीज के असिस्टेंट मैनेजर के परिवार से रुपये उड़ाए

 | 
जबलपुर : पनागर में साइबर ठगी, एपीएआर इंडस्ट्रीज के असिस्टेंट मैनेजर के परिवार से रुपये उड़ाए


जबलपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में पनागर थाना क्षेत्र के चंदन कॉलोनी निवासी एपीएआर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के असिस्टेंट मैनेजर शेष नारायण सोनी के परिवार को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाते हुए 1 लाख 56 हजार 123 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। अज्ञात आरोपियों ने तीन दिनों के भीतर परिवार के दो अलग-अलग बैंक खातों से रकम निकाल ली। शिकायत के आधार पर पनागर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बुधवार को पुलिस ने बताया कि शेष नारायण सोनी ने शिकायत में बताया कि 29 जुलाई को साइबर ठगी की शुरुआत हुई। उनकी पत्नी नेहा सोनी के गूगल पे से जुड़े मोबाइल नंबर के माध्यम से उनकी मां सकुन सोनी के बैंक ऑफ इंडिया खाते से 30-30 हजार रुपये के दो ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर कुल 60 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस दौरान परिवार को बैंक खाते से हो रही अवैध निकासी की जानकारी नहीं मिल सकी।

इसके बाद साइबर ठगों ने शेष नारायण सोनी के आईसीआईसीआई बैंक खाते को निशाना बनाते हुए उसमें से भी 96 हजार 123 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। इस प्रकार तीन दिनों के भीतर परिवार के बैंक खातों से कुल 1 लाख 56 हजार 123 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई।

बैंक खातों की जांच के दौरान रकम निकाले जाने की जानकारी मिलने पर शेष नारायण सोनी ने पनागर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से ट्रांजैक्शन में प्रयुक्त मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल पर बैंक संबंधी जानकारी साझा करने अथवा बिना सत्यापन के ऑनलाइन लेनदेन करने से बचें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक