साइबर ठगी : म्यूल एकाउंट खाताधारक गिरफ्तार, महिला से हुई थी दो लाख की ठगी
पार्ट टाइम जॉब के नाम पर हुआ था मार्च में फ्रॉड, आरोपी से पूछताछ
जोधपुर, 06 मई (हि.स.)। शहर की बोरानाडा पुलिस ने म्यूल एकाउंट खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खाते में किसी महिला के साथ हुई साइबर ठगी का पैसा आया था। महिला से मार्च महिने में किसी शातिर ने पार्ट टाइम जॉब के नाम पर दो लाख का फ्राड किया था। खाताधारक बोरानाडा एरिया का रहने वाला था, जिस पर पुलिस ने उसे अब गिरफ्तार किया है। अग्रिम कार्रवाई जारी है।
बोरानाडा थाने में हैडकांस्टेबल शिवलाल की तरफ से केस दर्ज कराया गया। इसके अनुसार साइबर ठगी का पैसा म्यूल एकाउंट में आने की जानकारी मिली थी। तब खाताधारक का नाम पता पाल बालाजी मंदिर के सामने रहने वाले किसी भवानी सिंह पुत्र किशनसिंह राजपुरोहित के नाम का निकला। तब उसे दस्तयाब कर पूछताछ की गई। उसके खाते की जांच में पता लगा कि मार्च महिने में जयश्री गुप्ता नाम के महिला से दो लाख की ठगी हुई थी, जो पैसा भवानी सिंह के एकाउंट में आया था। महिला जयश्री गुप्ता को मार्च में किसी ने पार्ट टाइम जॉब के नाम पर साइबर ठगी का शिकार बनाते हुए दो लाख का फ्रॉड किया था। पुलिस अब भवानी सिंह से पूछताछ में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

