इंटरनेशनल कॉलिंग कर मंडी व्यापारी से साइबर फ्रॉड : 1.45 लाख की ठगी
जोधपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। शहर के मंडी व्यापारी को शातिर ने साइबर ठगी का शिकार बनाया। उसे इंटरनेशनल कॉल कर सोना चांदी की लाने की बात कहकर वाटसअप कॉल पर बात की। बाद में मुंबई पहुंचने और कस्टम विभाग द्वारा पकड़े जाने पर अधिकारियों से बात कराई। व्यापारी ने शातिर की बातों में आकर उनके बताए खातों में पांच छह बार में एक लाख 45 हजार रूपये डाल दिए। बाद में ठगी का अहसास होने पर साइबर पोर्टल पर इसकी शिकायत दी। अब माता का थान पुलिस थाने में केस दर्ज कराया गया है।
माता का थान पुलिस थाने के एएसआई रामलाल ने बताया कि मूलत : ओसियां के डाबड़ी हाल अमर नगर माता का थान निवासी विशनाराम पुत्र बाबूलाल विश्नोई की तरफ से मामला दर्ज कराया गया है। इसमें बताया कि उसके पास में 25- 26 जुलाई को किसी शातिर ने इंटरनेशनल कॉल किया था। फिर बातों में लेकर विदेश से सोना चांदी लाने की बात की। इस पर मंडी किराणा व्यापारी उसकी बातों में आ गया और वाटसअप कॉल से बात की।
शातिर ने 26 जुलाई को खुद को मुंबई पहुंचने की जानकारी और कहा कि उसे कस्टम वालों ने पकड़ लिया है। तब अधिकारी की तरफ से बात कराई और खातें में रूपये डलवाने को कहा। इस पर पहली बार में 30 हजार रूपये खाते में डाले फिर इस तरह बड़े अधिकारी के खाते में भी रूपए डालने को कहा। अंतत: छह बार में कुल एक लाख 45 हजार रूपये डलवा दिए। व्यापारी विशनाराम को बाद में ठगी का अहसास होने पर साइबर पोर्टल पर शिकायत दी गई। अब पुलिस थाने में केस दर्ज कराया गया है। जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

