home page

जबलपुर में दो शिक्षकों से साइबर ठगी, पांच मिनट में खाते से उड़ाए एक लाख रुपये

 | 
जबलपुर में दो शिक्षकों से साइबर ठगी, पांच मिनट में खाते से उड़ाए एक लाख रुपये


जबलपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में शनिवार को साइबर ठगी के दो मामले सामने आए हैं। लार्डगंज थाना क्षेत्र में एक शिक्षक के बैंक खाते से 88 हजार रुपये निकल गए, जबकि रांझी क्षेत्र में दूसरे शिक्षक के बैंक खातों से महज पांच मिनट में एक लाख रुपये का अनधिकृत ट्रांजेक्शन कर लिया गया। दोनों मामलों में पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है।

लार्डगंज थाना क्षेत्र के टेलीग्राफ गेट नंबर-1, यादव कॉलोनी निवासी 58 वर्षीय शिक्षक शिवराज सिंह उइके के साथ साइबर ठगी हुई। शिकायत के अनुसार उन्होंने अपने मोबाइल में इंटरनेट डेटा चालू किया। इसके बाद उनके फोन पर गूगल पे के जरिए 88 हजार रुपये कटने के लगातार संदेश आने लगे। खाते से रकम निकलने का पता चलते ही उन्होंने बैंक खाते की जांच की और पुलिस से शिकायत की।

साइबर ठगी का दूसरा मामला रांझी थाना क्षेत्र का है। आशीर्वाद बारात घर के पास रहने वाले 50 वर्षीय शिक्षक निशांत कुमार साहू ने शिकायत में बताया कि उनका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रिमोट एक्सेस ऐप के जरिए उनके मोबाइल पर नियंत्रण हासिल कर लिया।

इसके बाद शाम 5:19 से 5:24 बजे के बीच उनके यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक के खातों से कुल एक लाख रुपये का अनधिकृत ट्रांजेक्शन कर लिया गया। मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के संदेश आने पर उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई।

दोनों घटनाओं ने मोबाइल और डिजिटल बैंकिंग की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस शिकायतों के आधार पर मामलों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक