पेंशनधारक से 31लाख की साइबर ठगी मामले में दो गिरफ्तार
सोनभद्र, 13 अगस्त (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने एक पेंशनधारक से फोन कर स्वयं को पेंशन संबंधी अधिकारी बता कर उसके पीपीओ नम्बर में सुधार करने के नाम पर व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी प्राप्त कर 31 लाख ठगी करने के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों को कोलकाता, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया की साइबर थाना पर एक पेंशनधारी ने दिनांक 17 जून 2025 को तहरीर देकर बताया कि साइबर अपराधियों ने हमें फोन कर स्वयं को पेंशन संबंधी अधिकारी बताया और पीड़ित को उसके पीपीओ नम्बर में सुधार करने के लिए व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी प्राप्त की गयी। इसके बाद अभियुक्तों द्वारा एपीके फाइल/लिंक के माध्यम से स्क्रीन शेयरिंग कराकर ओटीपी प्राप्त किया गया तथा पीड़ित के खाते से लगभग 31 लाख रुपये विभिन्न खातों में स्थानांतरित कर लिये गये। इसके अतिरिक्त फोन पे के माध्यम से 01 लाख रुपये तथा 10 लाख रुपये की एफडी भी करायी गयी। साइबर थाना पुलिस ने फौरन इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम पुलिस द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए गये। बैंक खातों, मोबाइल नम्बरों, डिजिटल साक्ष्यों एवं अन्य तकनीकी माध्यमों से प्राप्त जानकारी के आधार पर अभियुक्तों की पहचान सुनिश्चित की गयी तथा पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों 30वर्षीय मनीष कुमार शाह पुत्र उपेन्द्र शाह, निवासी मिर्जा चौकी, थाना साहेबगंज, जनपद साहेबगंज, झारखण्ड और 54वर्षीय रूपक कुमार पुत्र अरूण कुमार, निवासी गोपडीह बांका, थाना चन्दना, झारखण्ड को कोलकत्ता, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

