बक्सर पुलिस ने शुरू किया ‘साइबर मंगलवार’ अभियान, ऑनलाइन अपराध से बचाव को लेकर जागरूक होंगे लोग
बक्सर, 18 अगस्त (हि.स.)।
बढ़ते साइबर एवं ऑनलाइन अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बक्सर पुलिस ने हर मंगलवार को ‘साइबर मंगलवार’ अभियान चलाने की पहल शुरू की है। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों और आम लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देने के साथ-साथ ऑनलाइन बैंकिंग, ओटीपी, एटीएम, यूपीआई, सोशल मीडिया और संदिग्ध लिंक के इस्तेमाल में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य निजी जानकारी साझा न करें।
बक्सर पुलिस का उद्देश्य जागरूकता के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बचाना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने तथा किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

