home page

घरेलू विवाद में पति ने काटी पत्नी की नाक,मेडिकल कॉलेज रेफर

 | 

बहराइच, 30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के जरवल रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रसूलपुर में शनिवार काे आपसी विवाद के चलते पति ने पत्नी की नाक दांत से काट दी। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

थानाध्यक्ष सन्तोष सिंह ने बताया कि जरवल थाना क्षेत्र के रसूलपुर की रहने वाली शुभांगी का अपने पति अमर बहादुर से किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पति ने खौफनाक कदम उठाते हुए पत्नी की नाक दांत से काट दी। वारदात के बाद घायल महिला हाथ में कटी हुई नाक का टुकड़ा लेकर सीएचसी मुस्तफाबाद पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित पति अमर बहादुर को हिरासत में ले लिया। साथ ही मेरठ निवासी महिला के मायके पक्ष को भी घटना की सूचना दे दी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान पति ने महिला पर हमला कर दिया है। पुलिस ने महिला के परिजन की शिकायत पर केस पंजीकृत कर लिया है। आरोपित पति को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA