home page

हिरासत से फरार आरोपी मामले में बड़ी कार्रवाई, एक पुलिस अधिकारी निलंबित

 | 

सीवान, 08 मार्च (हि.स.)।

सीवान जिले के सराय थाना से हिरासत में रखे गए आरोपी के फरार होने के मामले में सीवान एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में एक पुलिस पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो गृह रक्षकों के विरुद्ध अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

एसपी पुरन कुमार झा के अनुसार सराय थाना कांड संख्या-80/26, दिनांक 06 मार्च 2026 में गिरफ्तार अभियुक्त बबलू तिवारी, पिता भृगुति तिवारी, निवासी पपौर, थाना सराय, जिला सिवान को थाना हाजत में रखा गया था। बताया गया कि 6 मार्च की रात आरोपी को बिना हथकड़ी लगाए थाना परिसर के शौचालय ले जाया गया, जहां से वह दीवार फांदकर फरार हो गया।

घटना के समय सराय थाना में पुअनि अभिषेक कुमार की ओडी ड्यूटी लगी हुई थी, जबकि गृह रक्षक 5499 रविशंकर राय और गृह रक्षक 6217 विनोद सिंह संतरी ड्यूटी पर तैनात थे।

प्राथमिक जांच में ड्यूटी के दौरान घोर लापरवाही, कर्तव्य के प्रति उदासीनता और अनुशासनहीनता सामने आने पर एसपी ने पुअनि अभिषेक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र सिवान निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा गृह रक्षक रविशंकर राय और विनोद सिंह के विरुद्ध अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी सीवान को प्रतिवेदन भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma