जबलपुर : खुले बिजली तार ने छीनी दो जिंदगियां, पूर्व सरपंच और बहू की करंट से मौत, पुत्र गंभीर
जबलपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम महगवां खलरी में शुक्रवार दोपहर करंट लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में बहू और ससुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे पुत्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों के अनुसार, मयूरी दुबे (25) घर में खुले बिजली के तार पर कपड़े फैला रही थीं। इसी दौरान तार में अचानक करंट दौड़ गया और वह उसकी चपेट में आ गईं। बचाव के लिए उनकी चीख-पुकार सुनकर ससुर शिवप्रसाद दुबे (73) पूर्व सरपंच दौड़कर पहुंचे, लेकिन उन्हें बचाने के प्रयास में वह भी करंट की चपेट में आ गए।
शोर सुनकर पुत्र मुकेश दुबे भी मौके पर पहुंचा और दोनों को बचाने की कोशिश में वह भी करंट की चपेट में आ गया। इसी बीच परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा मुख्य बिजली स्विच बंद किया। तब तक मयूरी दुबे और शिवप्रसाद दुबे की मौत हो चुकी थी, जबकि मुकेश दुबे गंभीर रूप से झुलस गए।
घायल मुकेश दुबे का उपचार जारी है। सूचना मिलने पर सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसे का कारण खुले बिजली के तार में करंट आना बताया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

