गांधी चौक पर शातिराना चोरी, छह चोरों ने दो मिनट में उड़ाए 60 हजार
किशनगंज, 09 अगस्त (के.स.)।
शहर के गांधी चौक स्थित जीवन ज्योति दवा दुकान में शातिर चोरों ने महज दो मिनट में करीब 55 से 60 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
चोरों ने न तो दुकान का शटर काटा और न ही ताला तोड़ा। शटर को पूरी तरह खोले बिना ही संकरी जगह से दुकान के अंदर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोरी की इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब चार बजे छह चोर जीवन ज्योति दवा दुकान के पास पहुंचे। गिरोह के चार सदस्यों ने दुकान के शटर के सामने चादर तान दी, ताकि सड़क की ओर से अंदर की गतिविधियां दिखाई नहीं दें। इसके बाद शटर के नीचे करीब पांच से छह इंच की जगह बनाई गई। इसी संकरे रास्ते से गिरोह का एक सदस्य दुकान के अंदर दाखिल हुआ और सीधे गल्ले तक पहुंच गया। उसने दवा बिक्री से जमा पूरी नकदी निकाल ली। नकदी निकालने के बाद चोर उसी संकरे रास्ते से बाहर निकल आया। इस दौरान बाहर मौजूद साथियों ने चादर की आड़ बनाए रखी। गिरोह का एक सदस्य सड़क पर लगातार निगरानी करता रहा, ताकि किसी व्यक्ति या पुलिस के आने की भनक मिलते ही साथियों को सतर्क किया जा सके। पूरी वारदात करीब दो मिनट में अंजाम देकर सभी चोर मौके से फरार हो गए। गौर करे कि गांधी चौक शहर के सबसे व्यस्त और सुरक्षित इलाकों में माना जाता है।
यहां लगभग 24 घंटे पुलिस की आवाजाही रहती है। इसके अलावा आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और सामने भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा होने के कारण अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी रहती है। ऐसे में चोरों द्वारा इतनी शातिराना तरीके से वारदात को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

